नईदिल्ली,19 दिसंबर। अमेरिका में एक बड़ा हादसा उस समय हुए जब नॉर्थ कैरोलिना में रीजनल एयरपोर्ट के करीब एक प्लेन क्रैश हो गया. इस दुर्घटना में अमेरिका के रेसिंग लीजेंड एनएएससीएआर ड्राइवर ग्रेग बिफल की मौत हो गई. इस भयानक हादसे में कुल सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें रिटायर्ड एनएएससीएआर (नेशनल एसोसिएशन फॉर स्टॉक कार ऑटो रेसिंग) ड्राइवर ग्रेग बिफल, उनकी पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं.
इस हादसे ने खेल जगत समेत पूरे अमेरिका को हिला कर रख दिया. बताया जा रहा है कि ग्रेग बिफल का प्राइवेट कमर्शियल जेट टेकऑफ के तुरंत बाद एयरपोर्ट लौटते समय क्रैश हो गया और उसमें आग लग गई.
55 साल के ग्रेग बिफल, उनकी पत्नी क्रिस्टीना, उनके 5 साल के बेटे राइडर और 14 साल की बेटी एम्मा की भी इस क्रैश में मौत हो गई. प्लेन में डेनिस डटन, उनके बेटे जैक और बिफल के करीबी दोस्त क्रेग वाड्सवर्थ भी थे. परिवार द्वारा जारी एक भावुक संयुक्त बयान में कहा गया है कि वे सभी उनके बहुत करीब थे और उनकी गैरमौजूदगी ने उनके जीवन में एक ऐसा खालीपन छोड़ दिया है जो कभी नहीं भरेगा.
शुरुआती जांच में पता चला है कि खराब मौसम हादसे का एक बड़ा कारण था. मौसम रिपोर्ट के अनुसार, हादसे के समय प्लेन के आसपास बादल छाए हुए थे और हल्की बारिश हो रही थी. कम विजिबिलिटी के कारण पायलट को लैंडिंग में दिक्कत हुई होगी. एयरपोर्ट के पास गोल्फ खेल रहे लोगों ने बताया कि प्लेन बहुत नीचे उड़ रहा था और अचानक उसमें आग लग गई. मलबे के कारण एयरपोर्ट को अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया है.
ग्रेग बिफल का रेसिंग करियर काफी शानदार रहा है. उन्होंने एनएएससीएआर के तीन प्रमुख इवेंट में 50 से ज्यादा रेसें जीतीं हैं, जिसमें 19 कप सीरीज की जीत शामिल हैं. वह 2000 में ट्रक्स सीरीज चैंपियन और 2002 में एक्सफिनिटी सीरीज चैंपियन थे. उनकी मौत पर शोक जताते हुए, एनएएससीएआर ने उन्हें एक ऐसे प्रतियोगी के रूप में बताया जिसने खेल पर एक अमिट छाप छोड़ी है. उनके साथी और प्रशंसक उन्हें न सिर्फ एक महान ड्राइवर के रूप में बल्कि एक वफादार और समर्पित दोस्त के रूप में भी याद करेंगे.
००

