सूरतगंज, बाराबंकी 19 दिसंबर (आरएनएस)। नगर पंचायत रामनगर में स्थित रामनगर पी.जी. कॉलेज के राजनीतिशास्त्र विभाग में सहायक आचार्य व प्रभारी के तौर पर सेवा दे रहे डॉक्टर आजाद प्रताप सिंह को बहराइच के किसान डिग्री कॉलेज में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के 65 वे प्रांत अधिवेशन 2025 में शुक्रवार को स्टूडेंट फॉर सेवा आंदोलन अवध प्रांत का प्रमुख मनोनीत किया गया। यह जिम्मेदारी उन्हें सर्वसम्मत से सौंपी गई। यह अधिवेशन 17 से 19 दिसम्बर तक आयोजित किया गया। सेवार्थ विद्यार्थी 2013 में शुरू किया गया एक अखिल भारतीय छात्र-संचालित आंदोलन है, जिसका उद्देश्य देश भर के छात्रों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से देश की सेवा करने में सशक्त और सक्षम बनाने के लिए प्रेरित और एक मंच पर लाना है, ताकि उनमें सेवा की भावना जागृत की जा सके। संगठन का लक्ष्य युवाओं को सामाजिक परिवर्तन का आदर्श बनने और अधिक न्यायसंगत और टिकाऊ समाज के निर्माण में योगदान करने के लिए प्रेरित और सशक्त बनाना है। सेवार्थ विद्यार्थी के द्वारा एबीवीपी ऐसे समाज की कल्पना करता है, जहां प्रत्येक व्यक्ति शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और अजीविका के अवसरों जैसी बुनियादी जरूरतों तक पहुँच सकें। बताते चलें कि कि डॉ. आजाद प्रताप सिंह इससे पूर्व बलरामपुर जनपद में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर अध्यक्ष एवं जिला प्रमुख के दायित्व का निर्वाहन पूरी ईमानदारी के साथ कर चुके हैं, उनके कार्यकाल में संगठन सशक्त हुआ था जिस बात को ध्यान में रखते हुए संगठन ने पुन: उन्हें इस जिम्मेदारी के निर्वहन के लिए चुना है। इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री घनश्याम शाही, अवध प्रांत अध्यक्ष प्रोफेसर नीतू सिंह, प्रांत संगठन मंत्री अंशुल विद्यार्थी सहित संगठन के अनेकों लोग शामिल रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

