अवकाश अवधि में एसआईआर के तहत संलग्न रहे शिक्षकों को मिले अर्जित अवकाश
बाराबंकी 19 दिसंबर (आरएनएस)। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ प्रतिनिधि मंडल प्रदेश महामंत्री अरुणेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने सर्वप्रथम अवकाश अवधि में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत संलग्न रहे शिक्षक एवं शिक्षिकाओं के लिए अर्जित अवकाश प्रदान किए जाने की मांग की। जिस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के द्वारा नियमानुसार कार्यवाही करने का आश्वासन दिया गया। संगठन की मांग पर लंबित चयन वेतनमान के प्रकरण पर बीएसए के द्वारा प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किए जाने की बात कही गई। प्रतिनिधि मंडल द्वारा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया गया कि विगत कई वर्षों से जनपद के शिक्षकों को प्रोन्नति वेतनमान का लाभ नही मिल पाया है,तमाम शिक्षक साथी बिना उक्त लाभ के प्रतिवर्ष सेवानिवृत्त होते जा रहे हैं। अत: प्राथमिकता के आधार पर अर्ह शिक्षकों को प्रोन्नति वेतनमान का लाभ प्रदान किया जाये। प्रकरण को गंभीरता से संज्ञान में लेकर हर संभव समाधान करने की बात कही गई। जीपीएफ ऑनलाइन करने तथा जनपद में कार्यरत सभी शिक्षकों की सेवा पंजिकाओं को अपडेट की मांग पर शीघ्र आदेश जारी करने का आश्वासन दिया गया। इस मौके पर देवानंद विश्वकर्मा, धर्मेंद्र कुमार वर्मा, देवेंद्र सिंह, आशीष सिंह, अनिल सिंह, संतोष शुक्ला, सुशील कुमार वर्मा, अनिल कुमार वर्मा, अरविंद कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

