भोपाल 19 दिसंबर (आरएनएस)।रतलाम में जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह द्वारा लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं की जांच कराने के बयान का लगातार विरोध हो रहा है। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी के नेतृत्व में आज भोपाल में महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से मंत्री विजय शाह के बंगले का घेराव करने जा रही महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रेडक्रॉस चौराहे पर बैरिकेडिंग कर रोक लिया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई।
प्रदर्शनकारी महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रेडक्रॉस हॉस्पिटल के सामने से गिरफ्तार कर पुलिस वैन में भर लिया। थोड़ी देर बाद पुलिस वैन से ही महिला कांग्रेस नेत्रियों को पीसीसी छोड़ दिया।
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी ने कहा विजय शाह जो महिलाओं के लिए जो शब्द बार-बार निकालते हैं उसकी समझाइश देने के लिए हम और हमारी महिला कांग्रेस की बहनें उनके बंगले पर जा रहे थे। पिछले पांच दिनों से महिला कांग्रेस प्रदेश भर में उनके पुतले जला रही है, लेकिन उनके खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनकी हिम्मत इसलिए बढ़ती है, क्योंकि वो पहले भी कई बार हमारे देश की बेटियों को अपमानित कर चुके हैं। तब भी उनके ऊपर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
रीना बोरासी ने कहा 2013 में उन्होंने शिवराज जी पत्नी का अपमान किया था। चूंकि वे बीजेपी लीडर की धर्मपत्नी थी तब उनको मंत्रिपद से बर्खास्त से कर दिया था। मैं मोहन यादव से पूछना चाहती हूं कि सम्मान सिर्फ आपकी महिलाओं का है बाकी महिलाओं हमारे देश की बेटी और लाड़ली बहना का सम्मान नहीं हैं।
आपके किसी नेता की पत्नी के लिए बोलेंगे तो आप बर्खास्त कर देंगे और जब देश की बेटी के लिए बोलेंगे या लाड़ली बहना के लिए बोले तो आपने आज तक कोई कार्रवाई नहीं की। अगर उन्हें मंत्रिपद से बर्खास्त नहीं करते, या इस्तीफा नहीं दिलवाते तो हमारा विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। जब तक वो इस्तीफा नहीं देते या सार्वजनिक तौर पर माफी नहीं मांगते तब तक महिला कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा।
रेडक्रॉस चौराहे पर पुलिस और महिला कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की में भोपाल की एक महिला कांग्रेस पदाधिकारी रूपाली शर्मा की चप्पलें और चूडिय़ां टूट गईं। इसके बाद रूपाली पूरे समय तक नंगे पैर ही प्रदर्शन करती नजर आईं।
रूपाली शर्मा ने कहा कि मेरी चप्पल और चूडिय़ां तोड़ दीं। विजय शाह लगातार महिलाओं का अपमान करते आ रहे हैं। उन्होंने पहले विंग कमांडर सोफिया कुरैशी की बेइज्जती की। अब लाड़ली बहनों के लिए कह रहे हैं कि वे अगर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में नहीं जाएंगी तो उनके आधार कार्ड की जांच होगी। मतलब लाड़ली बहना का लाभ नहीं मिलेगा। क्यों नहीं मिलेगा भाई, ये महिलाओं को कोई घूस थोड़ी दे रहे हैं। ये उनका हक है। इसी बात को लेकर हम लोग उनके घर पर जा रहे थे। पुलिस ने इतनी बैरिकेडिंग करके हमें रोक लिया है।
कैबिनेट मंत्री डॉ. विजय शाह ने यह बयान 14 दिसंबर 2025 को रतलाम जिले में आयोजित जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक के दौरान दिया था। उन्होंने कहा कि सरकार लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को करोड़ों रुपए दे रही है, इसलिए लाड़ली बहनों को मुख्यमंत्री के सम्मान कार्यक्रम में उपस्थित होना चाहिए। जो महिलाएं कार्यक्रम में नहीं आएंगी, उनके लाभार्थी दस्तावेजों (जांच/वेरिफिकेशन) को ‘पेंडिंगÓ (लंबित) रखा जा सकता है।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि यदि महिलाएं कार्यक्रम में आती हैं, तो उनकी सहायता राशि में 250 रुपए की वृद्धि पर विचार किया जा सकता है।

