भोपाल 19 दिसंबर (आरएनएस)।शाहजहांनाबाद थाना परिसर में घुसकर एक नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। वारदात शुक्रवार शाम करीब 4 बजे की है। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाया है।
जानकारी के मुताबिक, पीडि़त यावर अली (15) दसवीं क्लास में पढ़ता है। वह अपने चाचा सलमान अली के साथ डेंटिंग-पेंटिंग के कारखाने में बैठता है।
यावर के पिता बाबर अली ने बताया सलमान के कारखाने में एक युवक ने तीन दिन पहले बंपर पर कलर करने के लिए कार दी थी। काम करने के बाद गाड़ी शुक्रवार दोपहर उसे लौटा दी गई। लेकिन युवक और उसके साथियों ने काम ठीक नहीं होने की बात कही। पेमेंट करने से मना कर दिया। इस पर बहस होने के बाद उन्होंने भाई से बदसलूकी की।
आखिरकार सलमान ने कार में दोबारा काम कर लौटाने की बात कही। लेकिन युवक और उसके साथी गालियां देते रहे। सलमान को बेरहमी से पीट दिया। मेरा बेटा यावर बीचबचाव करने आया तो उसे बेल्ट से पीटा। बक्कल वाले साइड से उसके सिर पर कई वार किए।
सलमान और यावर शिकायत करने शाहजहांनाबाद थाने पहुंचे। आरोपी पीछे-पीछे यहां भी आ गए। थाना परिसर में भी दोनों के साथ मारपीट की।
पुलिसकर्मियों के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी भाग निकले। गंभीर रूप से घायल यावर को हमीदिया अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी यूपीएस चौहान ने कहा दोनों पक्षों ने एक-दूसरे से मारपीट की है। काउंटर केस दर्ज कर लिया गया है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है।

