जालंधर 20 Dec, (Rns)- पंजाब के जालंधर में कॉलेज की प्रधानगी को लेकर छात्रों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान एक गुट के छात्रों ने दूसरे गुट पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। फायरिंग में दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक छात्र को छाती में सीधी गोली लगी है, जबकि दूसरे छात्र के कंधे में गोली लगने की पुष्टि हुई है।
पेट्रोल पंप के पास हुआ आमना-सामना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ छात्र एक पेट्रोल पंप के पास खड़े थे, तभी दूसरे गुट से जुड़े छात्र कई गाड़ियों में सवार होकर मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि एक गुट के छात्रों ने गुस्से में आकर करीब 15 राउंड फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी ने बताया कि फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इलाके में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

