०नक्सल-मुक्त बीजापुर में सामुदायिक सहभागिता पर जोर, हर माह होगी नियमित बैठक
बीजापुर,22 अप्रैल (आरएनएस)। नक्सल-मुक्त बीजापुर को विकास की नई राह पर अग्रसर करने के उद्देश्य से कलेक्टर संबित मिश्रा ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। उक्त बैठक प्रेस क्लब बीजापुर के पहल पर आयोजित हुआ।बैठक में प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने पर सार्थक चर्चा हुई।
चार दशकों की चुनौती के बाद नया अवसर
बीजापुर जिला पिछले चार दशकों से माओवाद प्रभावित क्षेत्र रहा है, जिसके कारण शासन की योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन चुनौतीपूर्ण रहा। अब नक्सल-मुक्त स्थिति बनने के बाद जिले के समग्र विकास के लिए सामुदायिक सहभागिता को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मीडिया की भूमिका पर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक में मीडिया प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पूर्व में रिपोर्टिंग के दौरान किन-किन कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और वर्तमान में स्थितियां कैसे बदल रही हैं। साथ ही, स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को भी विस्तार से रखा गया।
समन्वय और पारदर्शिता पर जोर
कलेक्टर मिश्रा ने प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर तालमेल, पारदर्शिता और सहभागिता को विकास की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि मीडिया की सक्रिय भूमिका से योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आसान होगा और जनभागीदारी भी बढ़ेगी।
हर माह होगी नियमित बैठक
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि अब प्रत्येक माह के अंतिम मंगलवार को कलेक्टर और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच बैठक आयोजित की जाएगी। इससे संवाद और समन्वय को निरंतर मजबूती मिलेगी।
बीजापुर की बदलती तस्वीर की ओर कदम
मीडिया और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से बीजापुर को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल सहित प्रेस क्लब के अध्यक्ष के संतोष एवं प्रतिनिधि गण उपस्थित रहे।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

