आगरा ,21 दिसंबर (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के ताजनगरी आगरा से मानवता और रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक प्रतिष्ठित मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) महिला ने अपने ससुराल वालों पर मानसिक और शारीरिक उत्पीडऩ के साथ-साथ दुराचार के प्रयास जैसे बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन महिला द्वारा बताई गई आपबीती ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
पीडि़ता का आरोप है कि उसकी शादी धोखे की बुनियाद पर हुई थी। विवाह के समय उसके पति के स्वास्थ्य से जुड़ी एक बेहद संवेदनशील और गंभीर बीमारी को उससे छिपाया गया था। शादी के कुछ समय बाद जब उसे पति की असलियत का पता चला, तो ससुराल में उसके लिए हालात बद से बदतर होते चले गए। जब संतान प्राप्ति को लेकर सवाल उठने लगे, तो सास ने सामाजिक मर्यादाओं को ताक पर रखते हुए बहू के सामने एक घिनौना प्रस्ताव रख दिया। सास ने वंश आगे बढ़ाने की दलील देते हुए बहू पर अपने ही जेठ के साथ शारीरिक संबंध बनाकर बच्चा पैदा करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
हद तो तब हो गई जब इस दबाव के बीच जेठ ने महिला के साथ जबरदस्ती और दुराचार करने का प्रयास किया। जब पीडि़ता ने हिम्मत जुटाकर इस पूरे वाकये की जानकारी अपने पति को दी, तो उसे उम्मीद थी कि पति उसका साथ देगा। लेकिन इसके उलट, पति और ससुराल के अन्य सदस्यों ने उसका विरोध दबाने और मुंह बंद कराने के लिए उसके साथ जमकर मारपीट की। लगातार मिल रही धमकियों और जान के खतरे को देखते हुए महिला के मायके वालों और रिश्तेदारों ने दखल दिया और उसे ससुराल से रेस्क्यू कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
इस गंभीर मामले में आगरा के शाहगंज थाने में ससुराल पक्ष के खिलाफ धोखाधड़ी, जानलेवा हमला, मानसिक उत्पीडऩ और दुराचार के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसीपी लोहा मंडी गौरव सिंह ने पुष्टि की है कि पुलिस ने महिला की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली है और सभी आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि विवेचना जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

