जौनपुर 21 दिसंबर (आरएनएस )। नगर पंचायत गौराबादशाहपुर में रविवार को रात साढ़े दस बजे एक दुकान में आग लग गयी। जब तक लोग आग पर काबू पाते तब तक आग ने अगल-बगल के दो दुकानों को भी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही की दुकान और मकान एक ही भवन में होने के बावजूद भी सब लोग सुरक्षित बाहर निकल गए तथा किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग में लगभग तीन दुकानों का मिलाकर 30 लाख का सामान जलकर नष्ट हुआ है। गौराबादशाहपुर निवासी विनोद जायसवाल का अपने मकान में ही किराना का थोक व्यवसाय है 15 फीट चौड़े तथा 100 फुट लंबे परिसर में उन्होंने पीछे आवास और गोदाम बना रखा था आगे दुकान चलाते थे। अज्ञात कारणों से मकान के पिछले हिस्से में जहां पत्तल इत्यादि स्टोर करके रखा गया था वहां आग लग गई। परिवार के लोगों ने पहले खुद आग पर काबू पाने का प्रयास किया परंतु तब तक आग भंडारण कर कर रखे गए सरसों के तेल, रिफाइंड तेल तथा घी तक पहुंच गई। आग का विकराल रूप देखकर परिवार के लोग पिछले दरवाजे से तथा आगे के लोग आगे से बाहर निकल गए। इसी दौरान आग ने इन्हीं के परिवार के बगल में स्थित दीपू जायसवाल के जनरल स्टोर तथा फैयाज अहमद के रेडीमेड की दुकान को भी चपेट में ले लिया इन दोनों लोगों का भी आगे दुकान तथा पीछे आवास था। स्थानीय लोग आग पर काबू पाने का प्रयास करते रहे परंतु आग की विकरलता देखकर किसी की हिम्मत आगे बढ़ाने की नहीं हुई। सूचना पर 20 मिनट के पश्चात फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची जिसने कुछ हद तक आग पर काबू पाया गया। परंतु फायर ब्रिगेड की गाड़ी का पानी खत्म हो गया तब तक जौनपुर से एक और गाड़ी मार्टिनगंज तहसील आजमगढ़ से भी दो गाडिय़ां तथा लालगंज तहसील आजमगढ़ से भी फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर आ गई। लगभग 2 घंटे के पश्चात आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। घटना में विनोद जायसवाल का सर्वाधिक नुकसान हुआ है। सामान के साथ-साथ घर गृहस्थी का भी सारा सामान बिस्तर चारपाई नकदी जेवर इत्यादि जलकर नष्ट हो चुका है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

