नईदिल्ली,22 दिसंबर। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने तीसरे और आखिरी टेस्ट में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को 323 रन से हराया। बे ओवल में खेले गए मुकाबले में जीत के लिए मिले 462 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए कैरेबियाई टीम अपनी दूसरी पारी में सिर्फ 138 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ ही कीवी टीम ने सीरीज को 2-0 से अपने नाम किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी 575/8 के स्कोर पर घोषित की, जिसमें डेवोन कॉनवे ने दोहरा शतक (227) और टॉम लैथम का शतक (137) शामिल रहा। जवाब में वेस्टइंडीज ने कावेम हॉज के शतक (120) की मदद से 420 रन बनाए। इसके बाद मेजबान टीम ने अपनी दूसरी पारी 306/2 के स्कोर पर घोषित की, जिसमें कॉनवे और लैथम ने शतक लगाए। आखिर में कैरेबियाई टीम आखिरी दिन के दौरान सिमट गई।
कॉनवे अब एक टेस्ट में शतक और दोहरा शतक लगाने वाले पहले कीवी बल्लेबाज बने हैं। कॉनवे ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अब तक सिर्फ 3 टेस्ट मैच खेले हैं। इसकी 6 पारियों में 100 से ज्यादा की उम्दा औसत के साथ 450 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 शतक के अलावा 1 अर्धशतक भी निकला है। इस खिलाड़ी ने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा रन वेस्टइंडीज के खिलाफ ही बनाए हैं।
इस टेस्ट में कुल 1,439 रन बने। यह वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच एक टेस्ट में बने सर्वाधिक रन बन गए हैं। इससे पहले 2013 में डुनेडिन टेस्ट में कुल 1,408 रन बने थे।
लैथम ने पहली पारी में 236 गेंदों में 137 रन बनाए। उन्होंने 15 चौके और 1 छक्का लगाया। लैथम ने दूसरी पारी में 130 गेंदों का सामना किया और 101 रन बनाए। उनके बल्ले से 9 चौके और 2 छक्के निकले। कीवी कप्तान ने अपना पहला टेस्ट साल 2014 में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने 91 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 164 पारियों में 39.62 की औसत से 6,261 रन बनाने में सफल रहे हैं।
पहली पारी में वेस्टइंडीज ने जब 111 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया था, तब हॉज क्रीज पर आए। उन्होंने कीवी गेंदबाजों के सामने डटकर सामना किया और 85 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने तीसरे दिन के तीसरे सत्र के दौरान अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। यह हॉज के टेस्ट करियर का सिर्फ दूसरा शतक साबित हुआ।
कीवी तेज गेंदबाज जैकब डफी ने इस टेस्ट में कुल 9 विकेट लिए। उन्होंने पहली पारी में 86 रन देते हुए 4 विकेट लिए। वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में उन्होंने 42 रन देते हुए 5 विकेट लिए। यह उनके टेस्ट करियर का तीसरा 5 विकेट हॉल रहा। उन्होंने 4 टेस्ट की 8 पारियों में 16.28 की औसत के साथ कुल 25 विकेट लिए। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 34 रन देते हुए 5 विकेट लेना रहा।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

