ऋषिकेश,22 दिसंबर (आरएनएस)। लक्ष्मणझूला थाने में उपनिरीक्षक भुवन चंद्र पुजारी की बतौर थानाध्यक्ष तैनाती को 17 दिन भी नहीं गुजरे थे कि पौड़ी पुलिस कप्तान का फिर से तबादले का फरमान आ गया। न सिर्फ लक्ष्मणझूला थानाध्यक्ष, बल्कि यहां से श्रीनगर कोतवाली में एसएसआई बनकर पहुंचे संतोष पैथवाल को भी एसएसआई रिखणीखाल पद के लिए रवानगी के आदेश जारी कर दिए गए। महज 17 दिन के भीतर ही पहले पांच और अब 22 पुलिस अधिकारियों की दूसरी तबादला सूची का पता आईजी गढ़वाल रेंज को चला, तो उन्होंने फौरन एक्शन लेते हुए तबादलों पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी है। एसएसपी को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर उनकी संस्तुति पर ही ट्रांसफर करने के लिए भी कहा। पौड़ी जिले में एकाएक सामने आई निरीक्षक और उपनिरीक्षकों की इस तबादला सूची के बाद कई तरह की चर्चाएं भी हैं। दिलचस्प है कि आदेश जारी होने के बाद कोतवाली और थानों में तैनाती को लेकर पुलिस अधिकारी तैयारी भी जुट गए थे, लेकिन महज कुछ घंटों के भीतर आईजी के आदेश के बाद उनके पांव वर्तमान तैनाती स्थल पर ही ठहर गए। मालूम हो कि, तीन दिसंबर को पांच पुलिस अधिकारियों के ट्रांसफर के बाद 21 दिसंबर को 22 पुलिस अधिकारियों के फिर से तबादले की सूची एसएसपी पौड़ी की ओर से जारी की गई है। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने बताया कि इस बाबत एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार को आदेश जारी कर दिया गया है। उन्हें तीन दिन के भीतर आवश्यक स्पष्टीकरण भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। संस्तुति के बाद ही इस तरह की कार्रवाई को अमल में लाने के लिए भी कहा गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

