नई दिल्ली 27 Dec, (Rns): अमेरिका में विंटर स्टॉर्म ‘डेविन’ ने छुट्टियों के पीक ट्रैवल के दौरान हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई एयरलाइंस ने हजारों फ्लाइट्स रद या लेट कर दीं, जबकि कुछ राज्यों ने भारी बर्फबारी की आशंका के चलते कामर्शियल सड़क यातायात पर भी रोक लगा दी। इससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightAware के अनुसार, शुक्रवार शाम 4:04 बजे (ET) तक कुल 1,802 उड़ानें रद कर दी गईं, जबकि 22,349 फ्लाइट्स में देरी हुई। अमेरिका की नेशनल वेदर सर्विस ने शनिवार दोपहर तक विंटर स्टॉर्म डेविन को लेकर चेतावनी जारी की है।
कई राज्यों में विंटर स्टॉर्म अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, न्यूयॉर्क के ऊपरी इलाकों से लेकर ट्राई-स्टेट एरिया—जिसमें न्यूयॉर्क सिटी और लॉन्ग आइलैंड शामिल हैं—में शुक्रवार देर रात तक 4 से 8 इंच तक बर्फबारी हो सकती है। न्यूयॉर्क के जॉन एफ. कैनेडी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नेवार्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट और ला गार्डिया एयरपोर्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यात्रियों को संभावित देरी और उड़ानों के रद होने को लेकर अलर्ट जारी किया है। FlightAware के अनुसार, देश में आधे से ज्यादा फ्लाइट कैंसलेशन और देरी इन्हीं तीन एयरपोर्ट्स पर दर्ज की गईं।
एयरलाइंस ने रद कीं हजारों उड़ानें
एयरलाइंस कंपनियों की बात करें तो जेटब्लू एयरवेज ने सबसे ज्यादा 225 फ्लाइट्स रद कीं। इसके बाद डेल्टा एयर लाइन्स ने 212, रिपब्लिक एयरवेज ने 157, अमेरिकन एयरलाइंस ने 146 और यूनाइटेड एयरलाइंस ने 97 उड़ानें रद कीं। अमेरिकन एयरलाइंस, यूनाइटेड एयरलाइंस और जेटब्लू के प्रवक्ताओं ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि प्रभावित यात्रियों के लिए री-बुकिंग पर चेंज फीस माफ कर दी गई है।
विंटर स्टॉर्म से पहले ही न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी ने शुक्रवार दोपहर से आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी है। न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने कहा, “आज शाम न्यूयॉर्क शहर और उसके आसपास के इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना है। ऐसे में इमरजेंसी घोषित की गई है, ताकि एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन के पास तूफान से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन और उपकरण उपलब्ध रहें।”

