कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की बहुप्रतीक्षित फिल्म तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी बॉक्स ऑफिस पर पहले ही दिन फेल हो गई। जोरदार प्रचार और स्टार पावर के बावजूद फिल्म पहले दिन सिर्फ औसत कमाई ही कर सकी। सबसे बड़ी वजह है रणवीर सिंह की धुरंधर की तूफानी रफ्तार, जिसके सामने कार्तिक-अनन्या की फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रही। आइए जानें फिल्म ने कितने करोड़ रुपये के साथ खाता खोला।
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 7.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। हैरानी की बात ये है कि फिल्म ने एडवांस बुकिंग से जो कमाई की थी, उसके हिसाब से फिल्म की पहले दिन की कमाई में कोई खास इजाफा देखने को नहीं मिला। उधर क्रिसमस की छुट्टी का भी इसे कोई फायदा नहीं मिला। हालांकि, ट्रेड पंडितों को उम्मीद है कि वीकेंड के दौरान फिल्म की कमाई में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है।
तू मेरी मैं तेरा.. को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। फिल्म में नीना गुप्ता, जैकी श्रॉफ और अरुणा ईरानी जैसे कलाकार भी हें। फिल्म में सितारों के अभिनय की तो तारीफ हो रही है, लेकिन कहानी को जनता ने नकार दिया है। सत्यप्रेम की कथा बनाने वाले समीर विद्वांस ने इस फिल्म का निर्देशन किया है, वहीं करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले इसे बनाया गया है।
क्रिसमस पर मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की फिल्म वृषभ भी सिनेमाघरों में आई। मोहनलाल की फिल्मों के फैंस दीवाने हैं, लेकिन इस बार उनकी फिल्म वो कमाल नहीं दिखा पाई, जिसकी उम्मीद की थी। ये पहले दिन महज 61 लाख रुपये कमा पाई। उधर वृषभ के साथ पर्दे पर आई किच्चा सुदीप की फिल्म मार्क ने 6.25 करोड़ रुपये कमाए हैं। क्रिसमस पर साउथ की जितनी भी फिल्में रिलीज हुईं, उनमें से मार्क ने पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई की है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

