नईदिल्ली,27 दिसंबर। इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ एशेज सीरीज 2025-26 के चौथे टेस्ट मैच में 4 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। ये 15 साल के बाद पहला मौका है जब इंग्लिश टीम को ऑस्ट्रेलिया की धरती पर जीत मिली है। इस दौरान दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 22,000 रन पूरे कर लिए। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
रूट ने अब तक 380 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं और लगभग 50 की औसत से 22,000 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 59 शतक और 114 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 262 रन रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 664 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की 782 पारियों में 48.52 की औसत से 34,357 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 100 शतक और 164 अर्धशतक निकले थे।
रूट ने इंग्लैंड के लिए 186 वनडे खेले हैं और इसकी 175 पारियों में 48.54 की औसत से 7,3330 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 19 शतक और 43 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 166 रन रहा है। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रूट ने अब तक 32 मुकाबले खेले हैं। इसकी 30 पारियों में 35.72 की औसत से 893 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 5 अर्धशतक निकला है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 90* रन रहा है।
टेस्ट क्रिकेट में रूट ने अपना पहला मुकाबला साल 2012 में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 162 टेस्ट खेले हैं और इसकी 296 पारियों में 50.83 की उम्दा औसत के साथ 13,777 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 40 शतक और 66 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 262 रन रहा है। साल 2025 में इस खिलाड़ी ने 10 टेस्ट की 18 पारियों में 50.31 की औसत से 805 रन बनाए हैं।
एशेज सीरीज में रूट ने 38 मुकाबले खेले हैं और इसकी 73 पारियों में 39.73 की औसत से 2,662 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 5 शतक और 18 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 180 रन रहा है।
००

