रुद्रपुर,31 दिसंबर (आरएनएस)। 31 दिसंबर एवं नववर्ष के अवसर पर जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के उद्देश्य से एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर पुलिस ने ऑपरेशन ‘लगामÓ के तहत सघन विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत 24 घंटों में 354 व्यक्तियों की काउंसलिंग की गई, जबकि 95 लोगों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालान की कार्रवाई की गई। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मंगलवार देर रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान एक साथ संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य नववर्ष के जश्न के दौरान अवैध गतिविधियों, नशाखोरी, हुड़दंग और शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा। पुलिस ने ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया, जिनका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है या जो सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने और नियमों का उल्लंघन करने में संलिप्त पाए गए थे। काउंसलिंग के दौरान सभी व्यक्तियों को सख्त चेतावनी दी गई कि 31 दिसंबर और नववर्ष के मौके पर किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या कानून उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में दोबारा ऐसी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में जनपद को संवेदनशीलता के आधार पर जोन और सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। रात्रि गश्त, पैदल पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। नववर्ष को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष फोकस किया गया है। नशे में वाहन चलाने वालों, ओवरस्पीडिंग और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे नववर्ष का स्वागत शांतिपूर्ण, सुरक्षित और मर्यादित ढंग से करें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

