पिथौरागढ़,31 दिसंबर (आरएनएस)। स्वास्थ सेवाओं की बदहाली को लेकर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ मंत्री डॉ.धन सिंह रावत का पुतला फूंका। अस्पताल में महिला की मौत के मामले में आक्रोश जताया और मामले की जांच की मांग की। बुधवार को जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भावना नगरकोटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सिल्थाम में स्वास्थ मंत्री डॉ.धन सिंह रावत का पुतला दहन किया। जिलाध्यक्ष भावना ने कहा कि पिथौरागढ़ के अस्पतालों को खुद इलाज की जरुरत है। डबल इंजन की सरकार में जनता धक्के खाने को मजबूर हैं,जिला मुख्यालय के साथ ग्रामीण क्षेत्र के लोग स्वास्थ सेवाओं की बदहाली से परेशान हैं। बीते दिन एक महिला की अस्पताल में मौत हो गई,महिला कमला की मौत के कारणों की जांच होनी जरुरी है। इससे पूर्व में भी अस्पताल में महिलाओं की मौत के मामले सामने आए हैं। महिला कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर सीमांत की महिलाओं की जान से खिलवाड करने का आरोप लगाया। इस दौरान नगर अध्यक्ष अंजुम आरा, महामंत्री रायसा बानू, रेखा, सपना, उपाध्यक्ष सरस्वती मखौलिया, कोमल शाही, गीता तिवारी, अनीता बिष्ट, जिया, खुशी, महेंद्र सिंह लुंठी, मुकेश पंत, अमन लुंठी, नवीन कापडी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

