देहरादून 2 जनवरी(आरएनएस)। मुस्लिम सेवा संगठन ने शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और सामुदायिक नफरत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की मांग की। संगठन ने एसएसपी के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि कुछ लोग खुलेआम सोशल मीडिया पर मारने-काटने की धमकियां दे रहे हैं। संगठन ने अपनी शिकायत में ऐसा करने वालों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई है। ज्ञापन में कहा गया है कि हिंसक भाषा का प्रयोग कर भावनाओं को भड़काने और समाज में डर का माहौल बनाने का प्रयास किया गया है। संगठन ने मांग की है कि आरोपियों पर कठोर धाराओं में कार्रवाई की जाए। संगठन के अध्यक्ष नईम कुरैशी ने कहा कि खुलेआम हत्या की बातें करना अभिव्यक्ति की आजादी नहीं, बल्कि आपराधिक साजिश है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस-प्रशासन की होगी। उपाध्यक्ष आकिब कुरैशी ने कहा कि हम शांति में विश्वास रखते हैं। नफरत और हिंसा की भाषा पर चुप रहना संभव नहीं है। इस मौके पर सद्दाम कुरैशी, नाजिम खान, हाशिम उमर, सोहेल पठान, नाजिम जैदी, रमीज राजा, अयूब प्रधान, कमर खान और इरशाद अली शामिल रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

