चम्पावत 2 जनवरी (आरएनएस)। टनकपुर पुलिस ने एक झपट्टामार युवक को आठ घंटे में दबोचा है। आरोपी युवक ने एक बुजुर्ग पर झपट्टा मार कर पर्स छीन लिया था। युवक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। उस पर पूर्व में भी पिथौरागढ़ में कई मामले दर्ज हैं। एसपी अजय गणपति ने बताया कि नायकगोठ, टनकपुर निवासी नेहा पांडेय ने पुलिस को तहरीर दी। जिसमें कहा गया था कि बीते 30 दिसंबर की दोपहर एक व्यक्ति ने झपट्टा मार कर उसके पिता विजय कुमार पांडेय का पर्स छीन लिया। पर्स में दो हजार रुपये व अन्य दस्तावेज थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बताया कि सूचना के आठ घंटे बाद ही पुलिस ने सैनिक विश्राम गृह के पास से आरोपी 24 वर्षीय सागर सोराड़ी निवासी लिन्ठयूड़ा पिथौरागढ को पर्स और 1850 रुपये के साथ दबोच लिया। युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 304 और 317(2) के तहत मामला दर्ज किया है। एसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पिथौरागढ़ कोतवाली में पूर्व गैंगस्टर, एनडीपीएस, बीएनएस आदि के छह मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम में कोतवाल चेतन सिंह रावत, एसआई जितेंद्र बिष्ट, हेड कांस्टेबल कमल कुमार और आनंद सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

