काशीपुर 2 जनवरी (आरएनएस)। महुआखेड़ा गंज स्थित एक बंद फैक्ट्री में गार्ड की हत्या के आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को बुलंदशहर यूपी से गिरफ्तार किया। शुक्रवार को सीओ दीपक सिंह ने बीते 28 दिसंबर को महुआखेड़ा गंज स्थित टोसा इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड फैक्टरी परिसर में बंद गेट के भीतर गर्ड 54 वर्षीय कर्मवीर सिंह पुत्र रंजीत सिंह निवासी सैदरपुर निवासी औरंगाबाद जिला बुलंदशहर यूपी का शव मिला था। मामले में पुलिस ने कर्मवीर के बेटे रिंकू की तहरीर पर केस दर्ज किया। पुलिस जांच में सामने आया कि कर्मवीर के साथ उसी गांव का निवासी रिश्ते का भतीजा अपरान्त भी फैक्टरी में चौकीदारी करता था और दोनों फैक्टरी के गार्ड रूम में रहते थे। घटनास्थल पर पुलिस को मौके से अपरान्त का मोबाइल मिला। पुलिस ने जांच कर गुरुवार को हत्या के आरोपी अपरान्त को बुलंदशहर यूपी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अपरान्त ने बताया कि बीती 27 दिसंबर की शाम उसने कर्मवीर ने साथ बैठकर शराब पी और एक चिलम गांजा भी पिया। नशे की हालत में देर शाम साढ़े सात बजे कर्मवीर उसके साथ अश्लील हरकत कर जबरदस्ती करने का प्रयास करने लगा। विरोध करने और कमरे से बाहर जाने के बावजूद कर्मवीर नहीं माना। इससे गुस्से में आकर उसने कर्मवीर का गला पकड़ कर दबा दिया। इससे वह जमीन पर गिर गया। जमीन पर गिरने के बाद उसने पास क्यारी में पड़ी ईंट उठाकर कर्मवीर की ठोड़ी पर वार कर दिया, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष कुंदन रौतेला, एसआई प्रकाश बिष्ट, एसआई पुष्कर दत्त भट्ट, अपर उपनिरीक्षक सोमवीर सिंह, कांस्टेबल योगेश पांडे,योगेश चौधरी, राजेश भट्ट, दीपक प्रसाद, दिनेश तिवारी, दीपक जोशी शामिल रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

