बिलासपुर 3 जनवरी 2026(आरएनएस) राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा शुक्रवार को भव्य हेलमेट जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य आम नागरिकों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने एवं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर जिला कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में पूरे शहर में जागरूकता भ्रमण किया गया।सड़क परिवहन मंत्रालय भारत सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार, जिला पुलिस बल के तत्वावधान में 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इस दौरान बिलासपुर पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम, परिवहन विभाग, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के समन्वय से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।इसी क्रम में 2 जनवरी 2026 को आयोजित हेलमेट जागरूकता बाइक रैली स्थानीय रिवर व्यू से प्रारंभ होकर देवकीनंदन चौक, कोतवाली चौक, तेलीपारा, लिंक रोड, श्रीकांत वर्मा मार्ग, भारती नगर, महाराणा प्रताप चौक, गौरव पथ, मंगला चौक, नेहरू चौक होते हुए पुनः देवकीनंदन चौक से रिवर व्यू पहुंचकर संपन्न हुई। शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होकर गुजरी इस विशाल रैली में हजारों की संख्या में नागरिक संगठन, शामिल हुए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

