बिलासपुर 3 जनवरी 2026(आरएनएस) रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नई और आधुनिक पहल की गई है।स्टेशन परिसर में स्मार्ट डिजिटल लॉकर सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया, जिससे अब यात्रियों को सामान रखने के लिए लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह सुविधा गेट नंबर-01 के पास फुटओवर ब्रिज के नीचे स्थापित की गई है। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस. भारतीयन मौजूद रहे, वहीं एक महिला यात्री द्वारा फीता काटकर इस सेवा की शुरुआत की गई। खास बात यह है कि यह दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की पहली स्मार्ट डिजिटल लॉकर सुविधा है। नई व्यवस्था के तहत यात्री QR कोड स्कैन कर या डिजिटल स्क्रीन के जरिए मोबाइल नंबर और OTP के माध्यम से लॉकर बुक कर सकेंगे। भुगतान भी पूरी तरह डिजिटल होगा। ऑटोमेटेड लॉकिंग सिस्टम से लैस ये लॉकर 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे, जिससे यात्रियों का सामान पूरी तरह सुरक्षित रहेगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती जरूरतों और आधुनिक सुविधाओं की मांग को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इस सुविधा से खासतौर पर पर्यटक और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आने वाले समय में यात्रियों को बेहतर और स्मार्ट ट्रैवल अनुभव देने ऐसी तकनीक आधारित सविधाओं को और भी स्टेशनों पर शरु किया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

