देहरादून 4 जनवरी (आरएनएस)। शहर के बीच जाम की समस्या पर रेंजर्स मैदान से हटाया गया संडे मार्केट अब आईएसबीटी क्षेत्र के लिए नासूर बनता जा रहा है। आईएसबीटी स्थित मॉल के पास खाली जमीन पर शिफ्ट हुए बाजार का यह दूसरा हफ्ता था, लेकिन हालात सुधरने के बजाय और बदतर नजर आए। रविवार को हरिद्वार बाईपास और आईएसबीटी चौक पर दिन भर जाम का झाम रहा। जिससे आम जनता के साथ-साथ अंतरराज्यीय बस यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी। बीते रविवार को हुई अव्यवस्था के बाद पुलिस ने दावा किया था कि इस बार पार्किंग और ट्रैफिक का बेहतर प्लान तैयार किया जाएगा। मगर, धरातल पर सब फेल नजर आया। सुबह बाजार सजते ही खरीदारों की भीड़ और बेतरतीब खड़े वाहनों ने हाईवे की रफ्तार थाम दी। पटेलनगर पुलिस और यातायात विभाग ने दावा किया था कि विक्रेताओं को व्यवस्थित किया जाएगा और पार्किंग अलग होगी। रविवार सुबह से ही मुख्य सड़क के किनारे तक वाहन खड़े होने शुरू हो गए। आईएसबीटी के पास सड़क मार्ग भीड़ से बार-बार चोक हुआ। सबसे अधिक मुसीबत रिस्पना पुल से आईएसबीटी के बीच हुई। इंस्पेक्टर पटेलनगर सीबीएस अधिकारी ने बताया कि जाम में व्यवस्था के लिए रविवार को पुलिस तैनात रही। इसमें सुधार के लिए प्रशासन के साथ और इंतजाम किए जाएंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

