देहरादून 4 जनवरी (आरएनएस)। पटेलनगर थाना क्षेत्र में एक युवती को पिछले तीन वर्षों से सहकर्मी रहे युवक के मानसिक रूप से प्रताडि़त करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता ने एक युवक पर लगातार पीछा करने और फोन पर बात करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। जिस पर पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार युवती करीब तीन साल पहले देहराखास स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करती थी। वहीं पर आरोपी मोबिन अंसारी भी कार्यरत था। युवती का आरोप है कि तभी से आरोपी उस पर बात करने का अनुचित दबाव बना रहा था। इस उत्पीडऩ से तंग आकर युवती ने न केवल वह नौकरी छोड़ दी, बल्कि अपना सिम कार्ड तक बदल दिया था। आरोप है कि नवंबर 2024 में आरोपी ने कहीं से युवती का नया नंबर हासिल कर लिया और फिर से कॉल कर परेशान करना शुरू कर दिया। मना करने के बावजूद आरोपी विभिन्न नंबरों से लगातार फोन कर रहा है। जिससे पीडि़ता अत्यधिक मानसिक तनाव में है। इंस्पेक्टर पटेलनगर सीबीएस अधिकारी ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

