रुड़की 5 जनवरी (आरएनएस)। पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में रहे क्षेत्र में सोमवार को आखिरकार लोगों को सूरज के दर्शन हुए। लंबे अंतराल के बाद धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली। बीते दिनों लगातार ठंड पडऩे के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा था, लेकिन सोमवार की सुबह से ही मौसम में बदलाव नजर आया और दोपहर तक तेज धूप निकल आई। धूप निकलते ही सड़कों, गलियों और बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ गई। सुबह और शाम की ठंड के चलते घरों में कैद रहने वाले लोग दोपहर के समय धूप का आनंद लेते नजर आए। पार्कों, छतों और घरों के आंगनों में लोग कुर्सी डालकर धूप सेंकते दिखे। खासकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए धूप ज्यादा राहतभरी रही। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिससे दोपहर के समय ठंड में कुछ कमी आई है। हालांकि सुबह और शाम के समय ठंड का असर बना रहा। व्यापारियों का कहना है कि ठंड और कोहरे के कारण पिछले कई दिनों से बाजारों में ग्राहकों की संख्या कम हो गई थी। धूप निकलने से बाजारों में रौनक लौटी है। वहीं, किसानों के साथ ही मजदूरी करने वालों को भी धूप खिलने से राहत मिली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में मौसम इसी तरह साफ रहा तो ठंड से काफी हद तक राहत मिलेगी। हालांकि चिकित्सकों ने लोगों को अभी भी सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और सुबह-शाम बाहर निकलते समय विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

