भोपाल 5 जनवरी (आरएनएस)।राजधानी में नाबालिग से रेप और एमडी ड्रग्स तस्करी मामले में जेल में बंद यासीन मछली को 11 दिन हमीदिया अस्पताल में रखने के बाद आनन-फानन में रविवार देर रात जेल भेज दिया गया। मीडिया में खबर आने के बाद उसे जेल लौटाया गया। हालांकि, जेल प्रशासन ने पहले ही साफ कर दिया था कि यासीन को कोई गंभीर बीमारी नहीं है। इतना ही नहीं इस बात की लिखित जानकारी कोर्ट को दी थी।
जेल अधीक्षक राकेश भांगरे के मुताबिक यासीन को जेल में रहते हुए यूरिन में साधारण इन्फेक्शन की शिकायत थी। जिसका जेल में ही उपचार करा दिया गया और उसे आराम भी मिल गया था। 24 दिसंबर को फिर कोर्ट से लेटर प्राप्त हुआ था। इसमें आदेश दिया गया कि तत्काल यासीन को हमीदिया चेकअप के लिए भेजा जाए।
यासीन के अस्पताल पहुंचते ही उसे भर्ती कर लिया गया। उसे कौन सी बीमारी के कारण भर्ती किया गया था इसकी कोई लिखित जानकारी जेल प्रशासन को नहीं दी थी। हालांकि रविवार की रात में ही अस्पताल से फोन आ गया था कि यासीन को डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसके बाद उसे दोबारा जेल दाखिल कर दिया गया।
क्राइम ब्रांच ने 18 जुलाई को सैफुद्दीन और शाहरुख नाम के दो ड्रग पैडलर्स को एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा था। पूछताछ में उन्होंने यासीन अहमद और उससे चाचा शाहवर अहमद उर्फ मछली के नाम का खुलासा किया था। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

