दतिया/ग्वालियर 5 जनवरी (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने सोमवार को दतिया में दतिया, भाण्डेर, सेवढ़ा एवं ग्वालियर ग्रामीण जिले के डबरा में भितरवार, डबरा व ग्वालियर ग्रामीण विधानसभाओं की अलग-अलग संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, दिशा और संकल्प का संचार किया। प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक वैचारिक और सामाजिक आंदोलन है। इस आंदोलन की आत्मा उसका समर्पित कार्यकर्ता है, जो अनुशासन, सेवा और संगठन के मूल मंत्र को लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचता है। कार्यकर्ता को भाजपा की विचारधारा का संवाहक बनकर सरकार की योजनाओं, संगठन के संदेश और राष्ट्रहित के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना होगा। बूथ की मजबूती और संगठन की शक्ति से ही चुनावों में ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित होती है, इसलिए आप सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों में संगठन को और मजबूती देने के लिए कार्य करें।
भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अंत्योदय, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। गरीबों को पक्का आवास, किसानों को सम्मान निधि, महिलाओं को सशक्त करने की योजनाएं, युवाओं के लिए रोजगार एवं स्टार्टअप के अवसर और वंचित वर्गों के लिए सामाजिक सुरक्षा, यह सभी उपलब्धियां नए भारत की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार जनकल्याण, विकास और प्रशासनिक पारदर्शिता के नए आयाम स्थापित कर रही है। इन ऐतिहासिक उपलब्धियों को केवल घोषणाओं या आंकड़ों तक सीमित न रखते हुए, लाभार्थियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव के रूप में जनता के बीच प्रस्तुत करना कार्यकर्ताओं की बड़ी जिम्मेदारी है। सरकार और समाज के बीच सेतु की भूमिका निभाते हुए कार्यकर्ता पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सक्रिय सहयोग करें।
भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने बूथ स्तर की भूमिका को संगठन की सबसे मजबूत कड़ी बताते हुए कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की पहचान है और वही चुनावी विजय की आधारशिला भी है। प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और विधानसभा स्तर पर नियमित संपर्क, बैठक, संवाद और सेवा गतिविधियों के माध्यम से संगठन को और अधिक मजबूत बनाना होगा। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ कार्य करना ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। संगठन विस्तार पर विशेष बल देते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं और नए सामाजिक वर्गों को संगठन से जोडऩा समय की मांग है। साथ ही सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का सकारात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग करते हुए भाजपा की नीतियों और विचारधारा को व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाए।
दतिया बैठक में संभाग प्रभारी अभय यादव, सांसद संध्या राय, जिलाध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा, विधायक प्रदीप अग्रवाल, पूर्व विधायक घनश्याम पिरोनिया एवं ग्वालियर ग्रामीण जिले की डबरा में आयोजित बैठक में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व संभाग प्रभारी श्री निशांत खरे, जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, विधायक मोहन सिंह राठौड़ एवं पूर्व मंत्री इमरती देवी सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

