देहरादून 6 जनवरी (आरएनएस)। राजपुर रोड स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन मंगलवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। समापन समारोह में छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य व नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से समाजसेवा, नशा मुक्ति और स्वच्छता का संदेश दिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एशिया चैंपियन एथलीट हरेंद्र सिंह चौधरी ने खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण का महत्व बताया। विशेष अतिथि मार्शल आर्ट कराटे एकेडमी के कोच सुरेंद्र सिंह उज्जवल ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए। विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रेमलता बोड़ाई ने शिविर में सीखी गई सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम अधिकारी कविता रुहेला एवं मीनाक्षी देवली के निर्देशन में आयोजित शिविर के अंतर्गत नशा मुक्ति जागरूकता रैली भी निकाली गई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

