देहरादून 6 जनवरी (आरएनएस)। ऋषिकेश के बापुग्राम, गुमानीवाला, सुमन विहार में वन भूमि के सर्वे एवं अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही के दौरान स्थानीय लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की सिफारिश महिला आयोग ने सरकार से की है। मंगलवार को आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी से मुलाकात की। उन्होंने सीएम को बताया कि जब वन भूमि के सर्वे एवं अतिक्रमण हटाने के उद्देश्य से पुलिस-प्रशासन एवं वन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची, तो परिस्थितियों की गंभीरता के चलते क्षेत्र में असमंजस एवं भय का वातावरण बन गया। इसी कारण बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक घटनास्थल पर एकत्र हो गए। घटना के उपरांत अनेक नागरिकों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए। महिला आयोग ने पत्र में स्पष्ट किया कि यह घटनाक्रम किसी भी प्रकार के सुनियोजित विरोध अथवा शासन-प्रशासन के प्रति अवमानना का परिणाम नहीं था, बल्कि परिस्थितिजन्य भ्रम एवं भय की स्थिति में उत्पन्न हुआ था।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

