भोपाल ६ जनवरी (आरएनएस)। कोलार थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया क्रिएटर के सूने घर को निशाना बनाकर आरोपियों ने महज ढाई घंटे में ४ लाख का इलेक्ट्रॉनिक सामान और नकदी उड़ा ली थी।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब चार लाख रुपए का चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है।
यह घटना १२ दिसंबर २०२५ की है। फरियादी रुद्राक्ष श्रीवास्तव सोशल मीडिया क्रिएटर हैं। दोपहर करीब २:३० बजे अपने मित्र से मिलने अरेरा कॉलोनी गए थे। घर से निकलते समय उन्होंने मुख्य गेट पर सेंट्रल लॉक लगाया था। शाम करीब ४:४५ बजे जब वे वापस लौटे तो देखा कि मुख्य गेट के सेंट्रल लॉक के पास की दीवार उखड़ी हुई थी और गेट की प्लाई तोड़कर घर में प्रवेश किया गया था।
फरियादी की शिकायत पर थाना कोलार रोड पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा ३०५(ए) और ३३१(३) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घर के अंदर से आरोपियों ने सोशल मीडिया क्रिएशन में इस्तेमाल होने वाला कीमती सामान चोरी कर लिया। इसमें एसर कंपनी का लैपटॉप, २७ इंच का मॉनिटर, सोनी कंपनी का कैमर्रा ंङ्क-श्व-१०, तीन अलग-अलग लेंस, गोडेक्स लाइट, कैमरे की बैटरियां, माइक्रोफोन, चार्जर, दो टाइटन घडिय़ां और करीब ५ हजार रुपए नकद शामिल हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग चार लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस उपायुक्त जोन-४ मयूर खंडेलवाल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मलकीत सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त अक्षय चौधरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सोनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास और आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान की गई।
५ जनवरी सोमवार को पुलिस ने संदिग्ध अनवर खान और अकबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया और दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तार आरोपियों में ऐशबाग भोपाल के बाग उमराव दुल्हा निवासी ३३ वर्षीय अनवर खान और काजी कैंप निवासी ३६ वर्षीय अकबर शामिल हैं। दोनों आरोपी पेशेवर नकबजन बताए जा रहे हैं। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय सोनी, उप निरीक्षक कमल सिंह, उप निरीक्षक राम कुमार उइके, प्रधान आरक्षक दौलत सिंह, ऋषि तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

