भोपाल ६ जनवरी (आरएनएस)। एमपी स्टेट कोआपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड (एमपीसीडीएफ)भोपाल से संबद्ध भेापाल दुग्ध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रीतेश जोशी ने सोमवार ०५ जनवरी २०२६ को क्षेत्रांर्गत पशु आहार संयंत्र, पचामा पहुंचकर सुदाना काटल फीड के एक रेंटेड ट्रक को झण्डी दिखाते हुए कहा कि दुग्ध संघ के अब तक अनकवर्ड एवं कम कवर किए गए क्षेत्रों में पशु आहार की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी और विपणन नेटवर्क का विस्तार होगा। इस अवसर पर उन्होंने किसानों तक सुदाना पशु आहर की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली एजेंसियों एवं डीसीएस को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को नव वर्ष २०२६ की शुभकामनाएं दी है।
पशु आहार संयंत्र पचामा में पशु आहार उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण एवं विपणन गतिविधियों की समीक्षा करके संयंत्र की कार्यप्रणाली, कच्चे माल की गुणवत्ता, परीक्षण व्यवस्था तथा वितरण प्रणाली की विस्तृत जानकारी ली। पशु आहार संयंत्र प्रशासन ने सीईओ को अवगत कराया कि दिसंबर २०२५ में पचामा पशु आहर संयंत्र द्वारा ३२०० मीट्रिक टन से अधिक ”सुदाना पशु आहार की बिक्री की गई, जो वर्ष २०२५ की सर्वाधिक मासिक बिक्री है। समीक्षा बैठक में संयंत्र प्रबंधन, कर्मचारियों, एजेंसी मालिकों एवं दुग्ध संग्रहण समितियों (डीसीएस) के प्रयासों की सराहना की।
सीईओ ने बताया कि क्षेत्रांर्गत सुदाना पशु आहार की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया गया है तथा उत्पादन एवं गुणवत्ता नियंत्रण प्रक्रियाओं को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। पचामा संयंत्र किसानों को विश्वसनीय, संतुलित एवं उच्च गुणवत्ता वाला पशु आहार उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर अग्रसर रहेगा।

