नईदिल्ली,08 जनवरी। विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में महाराष्ट्र क्रिकेट टीम के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने गोवा क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच में बेहतरीन शतक (134*) लगाया। यह उनके मौजूदा सीजन में दूसरा शतक और लिस्ट-ए करियर में 20वां शतक रहा। इस बीच उन्होंने अपने लिस्ट-ए क्रिकेट करियर में 5,000 रन का आंकड़ा भी पार किया। उनकी पारी की बदौलत महाराष्ट्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 249/7 का स्कोर बनाया। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
जब महाराष्ट्र ने सिर्फ 2 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब गायकवाड़ क्रीज पर आए। जयपुर के डॉक्टर सोनी स्टेडियम में महाराष्ट्र का शीर्षक्रम लडख़ड़ा गया और एक समय 25 रन तक टीम ने 5 विकेट गंवा दिए। संकट की घड़ी में गायकवाड़ ने संभलकर बल्लेबाजी की और 81 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने आखिरी ओवरों के दौरान तेजी से रन बटोरते हुए शतक पूरा किया। वह 131 गेंदों में 134 रन बनाकर नाबाद रहे।
लिस्ट-ए क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने अब तक 99 मुकाबले खेले हैं और इसकी 95 पारियों में लगभग 60 की औसत से 5,000 से ज्यादा रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 20 शतक और 19 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 220 रन रहा है। इस मुकाबले से पहले विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में उन्होंने उत्तराखंड के खिलाफ शतक (124) लगाया था।
गायकवाड़ विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास में संयुक्त रूप से सर्वाधिक शतक (15) लगाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने अपने राज्य महाराष्ट्र के अंकित बावने के रिकॉर्ड की बराबरी की। कर्नाटक के देवदत्त पडिक्कल और मयंक अग्रवाल ने इस घरेलू लिस्ट-ए टूर्नामेंट में 13-13 शतक लगाए हैं। मौजुदा विजय हजारे संस्करण में गायकवाड़ ने अब तक 7 पारियों में 82.60 की औसत के साथ 413 रन बनाए हैं। वह 2 शतकों के अलावा एक अर्धशतक भी लगा चुके हैं।
गायकवाड़ लिस्ट-ए क्रिकेट में कम से कम 50 पारी खेलने वाले बल्लेबाजों में सबसे बेहतर औसत (58.85) वाले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने माइकल बेवन को पीछे छोड़ा है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने 57.86 की औसत से 15,103 रन बनाए थे।
गायकवाड़ ने भारतीय टीम के लिए अब तक 9 वनडे मुकाबले खेले हैं और इसकी 8 पारियों में 28.50 की औसत से 228 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 1 शतक और 1 अर्धशतक निकला है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 105 रन रहा है। अब तक 23 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 633 रन बनाए हैं। वह टेस्ट प्रारूप में अब तक भारत का प्रतिनिधित्व नहीं कर सके हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

