ढाका ,08 जनवरी । बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस के अनुसार, राजधानी ढाका में अज्ञात बदमाशों ने पूर्व स्वेच्छासेवक दल नेता अजीजुर रहमान मुसब्बिर की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना आगामी चुनावों से पहले देश में बढ़ती राजनीतिक हिंसा की ताजा कड़ी मानी जा रही है।
अजीजुर रहमान मुसब्बिर बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की स्वयंसेवी शाखा ढाका मेट्रोपॉलिटन नॉर्थ स्वेच्छासेवक दल के महासचिव रह चुके थे। उन्हें ढाका के कारवान बाजार इलाके में गोली मारी गई। पुलिस ने बताया कि हमला शहर के एक व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में बसुंधरा सिटी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पास, सुपर स्टार होटल के नजदीक हुआ।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने बेहद करीब से गोली चलाई, जिससे मुसब्बिर की मौके पर ही मौत हो गई। इस गोलीबारी में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार घायल की हालत फिलहाल स्थिर है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घायलों को पहले बीआरबी अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद एक व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। जांचकर्ताओं ने बताया कि हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद कई राउंड फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है, हालांकि बुधवार सुबह तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
गौरतलब है कि बांग्लादेश में फरवरी 2026 में आम चुनाव प्रस्तावित हैं और इस समय देश में आदर्श आचार संहिता लागू है। इसके बावजूद हाल के दिनों में राजनीतिक हिंसा की घटनाओं में तेजी देखी गई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कुछ दिन पहले जुबो दल (युवा विंग) के एक नेता की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं, 12 दिसंबर 2025 को इंकलाब मंच के प्रमुख नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद देशभर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन और हिंसा हुई थी।
चुनाव नजदीक आने के साथ बढ़ती हिंसा और राजनीतिक अस्थिरता को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए गंभीर चुनौती माना जा रहा है। कई राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं चुनावी माहौल को प्रभावित कर सकती हैं और देश की स्थिरता के लिए बड़ा खतरा बन सकती हैं।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

