-जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर नगराधीश की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
सिरसा 8 जनवरी (आरएनएस)। नगराधीश अजय सिंह की अध्यक्षता में वीरवार को आगामी जनगणना 2027 को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जनगणना की प्रारंभिक रूपरेखा और प्रशासनिक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में डिवीजन सेंसस ऑफिसर राधा रमन, जिला सांख्यिकी अधिकारी कर्मबीर सिंह, सभी तहसीलदार, चार्ज अधिकारी, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी, सचिव और खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी मौजूद रहे।
जिला नगराधीश ने कहा कि अधिकारी जनगणना के सफल व सटीक संचालन के लिए पुख्ता तैयारियां करें। उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत की जाएगी। अधिकारी निर्धारित गाइडलाइन का पालन करते हुए जनगणना कार्य को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि इस कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों और खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि उनके अधिकार क्षेत्र (जूरिडिक्शन) में किसी भी प्रकार का भौगोलिक बदलाव हुआ है, तो उसकी सत्यापित सूची तत्काल उपलब्ध कराएं। इस डेटा को समय रहते मुख्यालय भेजा जाना अनिवार्य है ताकि जनगणना की प्रक्रिया में कोई त्रुटि न रहे। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें सटीकता बेहद जरूरी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने स्तर पर फील्ड स्टाफ के साथ समन्वय स्थापित करें और इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

