जौनपुर 8 जनवरी (आरएनएस ) । नगर के सिपाह मोहल्ले में एक महिला ने अपने जीजा को आग लगाकर जान से मारने का प्रयास किया। इस दौरान उसने अपनी बहन को भी पीटकर बेहोश कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे जीजा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पीडि़त की पहचान बलिया निवासी 30 वर्षीय संदीप मिश्रा पुत्र संतोष मिश्रा के रूप में हुई है। उनकी पत्नी प्रतिमा चौहान मडिय़ाहूं गांव की रहने वाली हैं। संदीप और प्रतिमा 1 जनवरी से सिपाह मोहल्ले में किराए के मकान में रह रहे थे। वे कोर्ट मैरिज के लिए जौनपुर आए थे। आरोपी साली का नाम निशा है। यह घटना गुरुवार को दोपहर करीब 12 बजे हुई। आरोप है कि निशा ने पहले अपनी बहन प्रतिमा को डंडे से पीटकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसने अपने जीजा संदीप पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी, जिससे वह बुरी तरह झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल संदीप मिश्रा को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

