जौनपुर 8 जनवरी (आरएनएस )। बदलापुर क्षेत्र के घनश्यामपुर बाजार स्थित सरकारी पशु अस्पताल में तैनात चिकित्सकों की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। गलत जांच और उपचार के चलते एक गर्भवती गाय ने सात महीने के मृत बछड़े को जन्म दे दिया। घटना के बाद पशुपालकों में गहरा आक्रोश है और सरकारी पशु चिकित्सा सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।कुशहा द्वितीय गांव निवासी सुभाष गुप्ता उर्फ भोला तीन दिन पहले अपनी गाय का गर्भ परीक्षण कराने घनश्यामपुर स्थित पशु अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद चिकित्सक ने बिना समुचित जांच के गाय के गर्भवती होने से इनकार कर दिया। डॉक्टर ने यह कहते हुए इलाज शुरू कर दिया कि गाय की बच्चेदानी में गांठ है, जबकि वास्तविक स्थिति इसके विपरीत थी।पीडि़त का कहना है कि लगातार तीन दिनों तक गलत उपचार चलता रहा। गुरुवार को हालात उस समय बिगड़ गए, जब गाय ने लगभग सात महीने के मृत बछड़े को जन्म दिया। इस घटना से पशुपालक और उसके परिवार में कोहराम मच गया। गाय की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। घटना से पशुपालक और उसके परिवार में कोहराम मच गया। गाय की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में पशु अस्पताल के पास जुट गए और लापरवाह चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सही जांच और इलाज होता, तो गर्भस्थ बछड़े की जान बचाई जा सकती थी।पीडि़त पशुपालक ने घनश्यामपुर पुलिस चौकी पर लिखित शिकायत देकर दोषी चिकित्सक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

