जान बचाकर भागे लोग, घर में घुसा, किसान ने कमरे में बंद किया
प्रयागराज 8 जनवरी (आरएनएस)। झूंसी थाना क्षेत्र में में एक घर में तेंदुआ घुस गया है। तेंदुए को ट्रेंकुलाइज करने के लिए कानपुर से आई डॉक्टरों की टीम घर में घुसी है। इससे पहले तेंदुए ने 2 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों में सूर्य प्रकाश (25) और मनोज कुमार (35) शामिल हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसके बाद एक किसान के घर में घुस गया। परिवार के 5 लोगों ने भागकर जान बचाई। किसान ने हिम्मत दिखाकर तेंदुए को घर में बंद कर दिया।
वन विभाग और 4 थानों की फोर्स मौके पर मौजूद है। वन विभाग ने घर के चारों तरफ जाल बिछा दिया है। इस दौरान गांव वालों की भीड़ जमा हो गई है। एहतियातन इलाके की घेराबंदी की गई है। मामला झूंसी थाना क्षेत्र के छिबैयां गांव का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह तेंदुआ गांव के पास एक तालाब के पास था। वहां कुछ लोगों ने उसे देखा। उसके बाद गांव के लोग जुट गए। इसी दौरान किसी ने तेंदुए को पत्थर मार दिया। इसके बाद तेंदुआ गुर्राते हुए भीड़ की तरफ मुड़ा। लोग जान बचाकर भागे।
तेंदुआ गांव की ओर भागा और चंद्रशेखर सिंह के घर में घुस गया। घर में चंद्रशेखर, 2 महिलाएं और 2 बच्चे थे। चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि मैंने किसी तरह अपने परिवार की 2 महिलाओं और 2 बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया। वन विभाग की ओर से तेंदुए को पकडऩे के लिए पिंजरा मंगाया गया है। साथ ही जाल भी मंगाया गया है। 7 घंटे होने को हैं, लेकिन अब तक डॉक्टरों की टीम मौके पर नहीं पहुंची है। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश भी है। डॉक्टरों की टीम कानपुर से आ रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

