मेरठ 9 जनवरी (आरएनएस)। आज विकास भवन सभागार में मा0 मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा राजनैतिक पेंशन उ0प्र0/प्रभारी मंत्री श्री धर्मपाल सिंह जी की अध्यक्षता में विकास कार्यों, बजट एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आहूत की गई। उपाध्यक्ष मेडा द्वारा मा0 मंत्री जी का शॉल ओढाकर व पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
बैठक में मा0 मंत्री जी द्वारा समस्त विभागो के विकास कार्यों की बिन्दुवार समीक्षा करते हुये निर्देशित किया गया कि नगर पालिकाओ में प्रमुख स्थानो पर अलाव जलाना सुनिश्चित किया जाये तथा जहां पर जरूरत है वहां रैन बसेरे अवश्य बना दिये जाये। ग्राम पंचायत विकास कार्यों की समीक्षा करते हुये निर्देशित किया गया कि वीबी जी राम जी योजना गांव की गरीबी दूर करने की योजना है। गांव में किये जाने वाले विकास कार्यों को इसमें शामिल करते हुये ग्रामवासियो को रोजगार मुहैया करा जाये। तालाबो की साफ-सफाई, जीर्णोद्धार किया जाये, पानी निकासी, प्रकाश व्यवस्था तथा ग्राम में खेल के मैदान प्राथमिकता पर विकसित किये जाये। उन्होने कहा कि भारत की आत्मा गांव में बसती है गांव का चहुंमुखी विकास सरकार की प्राथमिकता में है, संबंधित अधिकारीगण सरकार की योजनाओ में प्रगति लाते हुये कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि विकास कार्यों से संबंधित बजट का शत-प्रतिशत उपयोग कर लिया जाये।
मंत्री जी ने कहा कि मेरठ पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। पर्यटन विकास हेतु सरकार की विभिन्न योजनाओ के तहत कार्य कराये जा रहे है, संबधित अधिकारीगण सभी कार्यों को समयबद्धता के साथ पूर्ण कराये। शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुये उन्होने कहा कि अधिकारी समय-समय पर स्कूल, कॉलेजो में जाये, विद्यार्थियो के साथ अपने अनुभवो को साझा करें तथा मोबाइल का सही उपयोग कैसे करें उसके बारे में बताये। उन्होने कहा कि सडके विकास का पैमाना होती है संबंधित विभाग नई सडक मार्ग निर्माण समयबद्धता के साथ सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मा0 महापौर हरिकान्त अहलूवालिया, मा0 विधायक मेरठ कैंट अमित अग्रवाल, मा0 एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्वाज, महानगर अध्यक्ष श्री विवेक रस्तौगी, जिलाध्यक्ष श्री हरवीर पाल, सीडीओ नूपुर गोयल, उपाध्यक्ष मेडा संजय कुमार मीणा, प्रभागीय निदेशक समाजिक वानिकी प्रभाग वंदना फोगाट, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

