माघ मेले के आगामी स्नान पर्वो की तैयारियों का लेंगे जायजा, संत समाज से भी सीएम की होगी मुलाकात
प्रयागराज 09 Jan, (आरएनएस )। संगम तट पर आयोजित देश के सबसे बड़े वार्षिक धार्मिक आयोजन माघ मेले के आगामी स्नान पर्वो की तैयारियों का जायजा लेने सीएम योगी 10 जनवरी को प्रयागराज पहुंच रहे है। सीएम सुबह 11 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे । वहां सीएम सबसे पहला कार्यक्रम माघ मेला क्षेत्र के खाक चौक क्षेत्र में स्थित खाक चौक व्यवस्था समिति के प्रधानमंत्री जगद्गुरु संतोष दास सतुआ बाबा के शिविर में जगद्गुरु रामानंदाचार्य की 726 वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने का है। यहां सीएम दो से ढाई घंटे तक विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। सीएम यहीं साधु संतों से मुलाकात भी करेंगे और उनसे माघ मेले की तैयारियों की स्थिति भी जानेंगे।
सीएम माघ मेला क्षेत्र से परेड ग्राउंड स्थित आई ट्रिपल सी सभागार पहुंचेंगे जहां वह माघ मेला के आगामी स्नान पर्व की प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करेंगे। सीएम यहीं 14 जनवरी के मकर संक्रांति स्नान पर्व और 18 जनवरी के मौनी अमावस्या स्नान पर्व को लेकर प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। समीक्षा बैठक के बाद सीएम मीडिया से बात कर सकते हैं। परेड ग्राउंड में समीक्षा बैठक के समापन के बाद सीएम डॉ राजेंद्र प्रसाद नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी परिसर कालिंदीपुरम जाएंगे । इसके उपरांत सीएम प्रयागराज से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।

