ऋषिकेश,10 जनवरी (आरएनएस)। डोईवाला नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठे सभासदों ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। शनिवार को धरने पर बैठे सभासदों और जनप्रतिनिधियों ने सोमवार से पालिका प्रशासन के खिलाफ भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी। शनिवार को नगर पालिका परिसर में सभासद के निर्दलीय प्रत्याशी संदीप नेगी, भाजपा प्रदीप नेगी, अरुण सोलंकी, प्रियंका मनवाल, कल्पना राणा और सभासद प्रतिनिधियों ने धरना दिया। धरनास्थल पर वार्ड के कई निवासी भी पहुंचे और सभासदों के आंदोलन को समर्थन दिया। कांग्रेस सेवा दल के जिला अध्यक्ष सुनील बर्मन ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। वार्ड निवासी गुड्डू मिश्रा ने कहा कि नगर पालिका से संबंधित कार्यों में तेजी लाई जानी चाहिए। वार्ड निवासी सुखदेव चौहान ने कहा कि यदि प्रशासन और जनप्रतिनिधि आपस में संवाद बढ़ाएं तो कई समस्याओं का समाधान संभव है। वार्ड निवासी गणेश उनियाल ने कहा कि नगर पालिका की व्यवस्था में सुधार से जनता को सीधा लाभ मिलेगा। निविदाओं को लेकर उठाए सवाल धरने के बीच सभासदों ने निविदाओं पर भी सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि आंदोलन में शामिल होने के कारण वार्ड नंबर- 3 की सभासद कल्पना राणा, वार्ड नंबर 5 की सभासद प्रियंका मनवाल और वार्ड नंबर 8 के सभासद संदीप नेगी की निविदाओं में कटौती की गई है, जिससे संबंधित वार्डों के प्रस्तावित कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सभासद संदीप नेगी ने कहा कि विकास कार्य जनता से जुड़े होते हैं। यदि किसी वार्ड के कार्य रोके जाते हैं तो उसका नुकसान सीधे लोगों को होता है। वहीं, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी सभासद के कार्यों में कोई कटौती नहीं की गई है। अभी कुछ निविदाएं निकाली जानी बाकी हैं और सभी वार्डों में नियमानुसार कार्य कराए जाएंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

