इस्लामाबाद ,11 जनवरी । पाकिस्तान की ओर से प्रायोजित आतंकवाद और वहां की सेना के साथ आतंकी संगठनों की मिलीभगत का एक और बड़ा सबूत सामने आया है। लश्कर-ए-तैयबा के उप प्रमुख और पहलगाम आतंकी हमले के मास्टरमाइंड सैफुल्लाह कसूरी का एक वीडियो सामने आया है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। इस वीडियो में कसूरी खुलेआम पाकिस्तानी सेना के साथ अपने और अपने संगठन के गहरे संबंधों का खुलासा कर रहा है। खुफिया सूत्रों ने इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि कर दी है, हालांकि यह वीडियो किस तारीख का है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
स्कूली बच्चों का कर रहा ब्रेनवॉश
वीडियो में आतंकी सैफुल्लाह कसूरी किसी मदरसे या स्कूल में छोटे बच्चों को संबोधित करता नजर आ रहा है। वह अपनी तकरीर में दावा कर रहा है, पाकिस्तान की सेना मुझे अपने सैनिकों की अंतिम यात्रा में जनाजे की नमाज पढ़ाने के लिए खास तौर पर आमंत्रित करती है। क्या तुम्हें पता है कि भारत भी मुझसे डरता है? एक आतंकी संगठन के शीर्ष कमांडर का इस तरह स्कूल में जाकर नन्हें दिमागों को जहर देना और सेना के साथ अपनी नजदीकियों का बखान करना, यह साबित करता है कि पाकिस्तान में आतंकवाद की जड़ें कितनी गहरी हैं। यह खुलासा भारत के उन पुराने आरोपों पर मुहर लगाता है कि पाकिस्तानी सेना आतंकियों को पालती-पोसती है।
पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड और ‘ऑपरेशन सिंदूरÓ
सैफुल्लाह कसूरी वही आतंकी है जो अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम हमले का मुख्य साजिशकर्ता था। उस हमले में 26 पर्यटकों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद ही भारत ने आतंकी ढांचे को ध्वस्त करने के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूरÓ शुरू किया था। विशेषज्ञों का मानना है कि लश्कर ने पाकिस्तानी सेना के साथ मिलकर ठीक उसी तरह काम किया, जैसा 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान देखा गया था। यह वीडियो एक बार फिर याद दिलाता है कि पड़ोसी मुल्क में आतंकी और फौज एक ही सिक्के के दो पहलू बन चुके हैं।
भारत के खिलाफ नई साजिश की तैयारी
ऑपरेशन सिंदूरÓ के छह महीने बाद अब पाकिस्तान समर्थित लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जम्मू-कश्मीर में नए हमलों की फिराक में हैं। खुफिया इनपुट्स बता रहे हैं कि सीमा पार नए सिरे से लॉन्च पैड्स तैयार किए जा रहे हैं, जिसे नई दिल्ली ने एक गंभीर चेतावनी के रूप में लिया है। रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि अगर पाकिस्तान की ओर से आतंक का निर्यात इसी तरह जारी रहा, तो ‘ऑपरेशन सिंदूरÓ का दूसरा चरण यानी ‘फेज-2Ó शुरू हो सकता है। फिलहाल, इस वीडियो के सामने आने के बाद वैश्विक मंच पर पाकिस्तान की एक बार फिर भारी फजीहत हो रही है और उस पर सख्त कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

