लखनऊ 11 Jan, (आरएनएस ) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि भाजपा सबसे बड़ी सत्य विरोधी पार्टी है, जो झूठे वादे करती है और सत्ता में आने के बाद हर वर्ग को धोखा देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आशा वर्कर, किसान, नौजवान, मजदूर और व्यापारी सभी से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने आशा वर्करों से भी किए गए वादों को पूरी तरह भुला दिया है। इसी कारण आशा बहनों के बीच भारी निराशा और गुस्सा व्याप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि वादा खिलाफी करने के बाद भाजपा सरकार के शासन और प्रशासन से जुड़े लोग आशा बहनों को नीचा दिखाने के लिए गलत और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो न केवल अपमानजनक है बल्कि आक्रोश को और बढ़ाने वाला है। जब भाजपा के लोग यह कहते हैं कि आशा वर्कर अपने पतियों को बैठाकर खिलाती हैं, तो यह टिप्पणी अपने आप में सरकार की विफलता को उजागर करती है। इसका सीधा अर्थ यह निकलता है कि भाजपा के शासन में बेरोजगारी इस कदर बढ़ चुकी है कि आशा वर्करों के परिवारों में कोई काम करने वाला नहीं बचा है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता में आने के बाद से लगातार आम जनता का अपमान कर रही है। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा पूरी तरह से जुमला साबित हुआ है। न तो किसानों को समय पर खाद और बीज मिल पा रहे हैं और न ही उनकी फसलों का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जा रहा है। भाजपा सरकार के संरक्षण में बिचौलिए किसानों की फसलों की खुलेआम लूट कर रहे हैं, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।अखिलेश यादव ने कहा कि किसान से लेकर आशा वर्कर तक, हर वर्ग भाजपा सरकार की झूठी घोषणाओं, वादाखिलाफी और लूट से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीतियों ने प्रदेश में असंतोष, बेरोजगारी और आर्थिक संकट को बढ़ावा दिया है। समाजवादी पार्टी जनता के हक और सम्मान की लड़ाई सड़क से सदन तक पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी
भाजपा सबसे बड़ी सत्य विरोधी पार्टी, हर वर्ग से किया झूठा वादा: अखिलेश यादव
—————

