ऋषिकेश,11 जनवरी (आरएनएस)। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर रविवार को ऋषिकेश के ग्रामीण क्षेत्रों में बाजार पूरी तरह से बंद रहे। लेकिन शहर में कई आंतरिक सड़कों पर दुकानें बंद, तो कहीं पर खुली मिली। भीड़भाड़ वाले इंद्रमणि बडोनी चौक पर पर्वतीय यात्रियों को आवाजाही के लिए पर्याप्त वाहन भी नहीं दिखे, जिसके चलते कई यात्री सवारी वाहन की कमी चलते परेशान होते दिखे। रविवार को कांग्रेस, यूकेडी और अन्य राजनीतिक तथा सामाजिक संगठनों ने बंद का आह्वान किया था, जिसका असर रायवाला, श्यामपुर, गुमानीवाला और छिद्दरवाला के बाजार में साफ तौर दिखा। हालांकि, यहां मेडिकल स्टोर और निजी चिकित्सकों के क्लीनिक खुले रहे। शहर में क्षेत्र रोड, त्रिवेणीघाट रोड, झंडा चौक के आसपास दुकानें बंद रहीं, जबकि रेलवे रोड, तिलक रोड समेत कई मार्गों पर रोजाना की तरह दुकानें खुली दिखीं। बंद में किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए चौक-चौराहों पर पुलिस भी पूरी तरह से चौकस दिखी। वहीं, पर्वतीय मार्गों को जाने वाले यात्रियों के स्टॉपेज दूनमार्ग स्थित इंद्रमणि बडोनी चौक पर भीड़भाड़ कम ही दिखी। यहां पहाड़ जाने वाले यात्रियों को सुबह से लेकर शाम तक आवागमन के लिए सवारी वाहनों की कमी भी बनी रही।
डोईवाला में बंद दिखा पूरी तरह बेअसर: अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर बंद के आह्वान में रविवार को डोईवाला में कोई असर नहीं दिखा। सुबह से रेलवे रोड, मिल रोड, देहरादून रोड और ऋषिकेश रोड बाजार की सभी दुकानें खुली रहीं। बंद के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। मुख्य चौराहों और बाजार क्षेत्र में पुलिस बल तैनात दिखा। प्रशासन ने व्यापारियों और आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

