हरिद्वार,11 जनवरी (आरएनएस)। ज्वालापुर की ईदगाह सुभाषनगर रोड पर मदरसा दारुल उलूम रशीदिया के बाहर सड़क किनारे खड़े ऑटो में देर रात अचानक आग लग गई। ऑटो से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग नींद से जाग उठे और मौके पर पहुंचकर बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक ऑटो में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह ऑटो पिछले चार-पांच महीनों से सड़क किनारे खड़ा था और वहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था, जिससे स्थानीय लोग पहले से ही परेशान थे। ऑटो बाबर कॉलोनी के एक व्यक्ति का बताया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

