मुंबई 12 jan, (Rns): महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रवासियों को लेकर बयान दिया है। उन्होंने अपने चचेरे भाई उद्धव ठाकरे के साथ एक रैली को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने हिंदी भाषा और मराठी पहचान को लेकर चेतावनी दी।
राज ठाकरे ने कहा कि ‘जो अन्य राज्यों से आए हैं, अगर मराठी भाषा और महाराष्ट्र की जमीन पर दबाव डालेंगे तो वह इन लोगों को ‘लात मारकर’ बाहर कर देंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि मराठी और महाराष्ट्र के लोगों को अपने अधिकारों और पहचान के लिए जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा, “यूपी और बिहार के लोगों को समझना चाहिए कि हिंदी आपकी भाषा नहीं है। अगर इसे थोपने की कोशिश की गई, तो परिणाम गंभीर होंगे। यह मराठी मानुष के लिए आखिरी चुनाव है, अब एकजुट होने का समय है।”
राज ने पार्टी कार्यकर्ताओं को भी चौकस रहने और नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुबह 6 बजे तैनात किए गए कार्यकर्ता तैयार रहें और किसी भी अनियमित गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई करें।
उद्धव ठाकरे का बयान
रैली में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर चुनाव से पहले विभाजनकारी राजनीति का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा मुंबई का नाम बदलकर ‘बंबई’ रखना चाहती है और इसके लिए तमिलनाडु के भाजपा नेता अन्नामलाई के बयान का हवाला दिया। उद्धव ने कहा, “भाजपा का हिंदुत्व और राष्ट्रवाद नकली है। यह पार्टी अब राष्ट्र को पहले रखने की बजाय भ्रष्टाचार को प्राथमिकता देती है।”

