यमुनानगर ,12 जनवरी (आरएनएस)। जिले के प्रतापनगर क्षेत्र के गांव भंगेड़ा में देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से सीधे जा टकराई। टक्कर के बाद दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रतापनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। दोस्त को छोडऩे जा रहा था युवक पुलिस ने मृतकों की पहचान गांव भंगेड़ा निवासी 27 वर्षीय अनुज शर्मा और उसके दोस्त 35 वर्षीय सतपाल, निवासी मुजाफत कलां, के रूप में की है। पुलिस के अनुसार अनुज अपने दोस्त सतपाल को उसके घर छोडऩे जा रहा था। जैसे ही वे गांव भंगेड़ा के पास पहुंचे, सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम आज कराया जाएगा।
तीन माह पहले हुई थी अनुज की शादी
हादसे में जान गंवाने वाले अनुज शर्मा की तीन महीने पहले ही शादी हुई थी। वह पेशे से डेंटल का काम करता था और अपनी खुद की दुकान खोलने की तैयारी में जुटा हुआ था। बताया गया है कि वह अपने दोस्त सतपाल के साथ मुजाफत कलां में डेंटल क्लिनिक की तलाश कर रहा था। हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

