जालंधर ,12 जनवरी (आरएनएस)। जालंधर के माता रानी चौक पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने बच्चों सहित परिवार सवार दूसरी कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके एयरबैग खुल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे के समय कार में पूरा परिवार मौजूद था, जिसमें छोटे बच्चे भी शामिल थे। राहत की बात यह रही कि सभी सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है। टक्कर के बाद चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद उसने गाड़ी रोकने के बजाय मौके से फरार होना ही बेहतर समझा। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही भार्गों कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों का निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए फरार वाहन का नंबर नोट कर पुलिस को सौंप दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ड्रिंक एंड ड्राइव की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि फरार चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

