नकुल कुमार मंडल
सागरद्वीप 12 जनवरी (आरएनएस)। मकर संक्रांति का पुण्य स्नान अभी शुरु भी नहीं हुआ कि गंगा सागर मेले में आये पुण्यार्थी मौसम सहित विभिन्न कारणों से बीमार होने लगे हैं। इसी क्रम में आज दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन ने गंगासागर मेला परिसर से दो तीर्थयात्रियों को हवाई मार्ग से उन्हें इलाज के लिए कोलकाता भेजा। अधिकारिक सूत्रों की माने तो वे दोनों गंभीर रूप से बीमार हो गये। सागर क्षेत्र में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से कोलकाता लाया गया। उत्तर प्रदेश के निवासी संतलाल (64) को को नाक से अधिक मात्रा में खून आने के कारण एयरलिफ्ट कर कोलकाता के एमआर बांगुर अस्पताल में बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है। वहीं हरीयाणा निवासी बिमला देवी (77) को हड्डी से सम्बंधित कारणों से हेलीकॉप्टर से कोलकाता के एमआर बांगुर अस्पताल में लाया गया। मामले पर कई तीर्थयात्रियों, स्थानीय लोगों व दुकानदारों ने बताया कि, ठण्ड के कारण गंगासागर में उन लोगों को अधिक परेशानी का सामना करने पड़ रहा है जिनकी उम्र अधिक है। ऐसे लोग मौसम का शिकार होकर बीमार हो रहे हैं और तमाम लोगों को सर्दी और खांसी ऐसी संक्रामक रोग का शिकार होना पड़ रहा है। गंगा सागर मेले में स्वंयसेवी संस्थाओं के शिविरों में आये कई डॉक्टरों का कहना है कि, आमतौर पर लोग सर्दी और खांसी और सांस की समस्या से परेशान हो रहे है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

