सरधना/ मेरठ 12 Jan, (आरएनएस )। मेरठ के सरधना में अनुसूचित जाति की युवती रूबी के अपहरण और उसकी मां सुनीता की निर्मम हत्या ने न सिर्फ मेरठ, बल्कि पूरे सूबे की सियासत में भूचाल ला दिया है। हालात यह हैं कि कपसाड़ गांव से लेकर सरधना तहसील तक का इलाका पूरी तरह सील कर दिया गया है। जिधर देखो, उधर बैरिकेडिंग और पुलिस का पहरा है।
गांव में अघोषित कार्फ्यू जैसा माहौल है। बाहरी लोगों का प्रवेश तो दूर अब पड़ोसी भी नजरबंद कर दिए गए हैं। आलम यह है कि पड़ोस में रहने वाले लोग भी पीड़ित परिवार का दुख बांटने या उनसे मिलने नहीं जा सकते।
गांव में तनाव और दहशत बरकरार
घटना के चार दिन बाद भी गांव में तनाव और दहशत बरकरार है। टोल प्लाजा हो या सरधना की सीमा, गांव के बाहरी छोर से लेकर पीड़ित परिवार की दहलीज तक सिर्फ खाकी वर्दी का पहरा है। मीडिया, बाहरी व्यक्ति और विपक्षी दलों के नेताओं की एंट्री पर पूरी तरह पाबंदी है।
‘गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में’
पड़ोसी जाना भी चाहते हैं तो पुलिस उन्हें रोक देती है। फिलहाल इस कर्फ्यू जैसे माहौल में ग्रामीणों के लिए एक-दूसरे का हाल जानने का सहारा सिर्फ फोन ही बचा है। वहीं एसपी देहात अभिजीत कुमार का दावा है कि गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त बल तैनात किया गया है।
आशा ज्योति केंद्र में मिलने पहुंचे परिजन
मेरठ के मेडिकल स्थित आशा ज्योति केंद्र में रूबी से मुलाकात करने पुलिस के साथ उसके परिजन पहुंचे। भाई नरसी और परिजनों ने रूबी से मुलाकात की। सोमवार को रूबी घर जा सकती है। रूबी की केंद्र में काउंसलिंग की गई। इसके साथ ही काउंसलरों ने परिजनों की भी काउंसलिंग की। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि रूबी और उनके परिजनों का संपर्क कराया गया है। उनकी काउंसलिंग भी हो गई है।
पारस को रिमांड पर लेगी पुलिस
पुलिस ने आरोपी पारस सोम को कोर्ट में पेश करके न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अभी वारदात में साक्ष्य एकत्र करेगी। अभी तक सुनीता की हत्या में प्रयुक्त फरसा भी पुलिस बरामद नहीं कर सकी है। पुलिस इसके लिए पारस सोम को कस्टडी रिमांड पर लेगी। साथ ही अन्य डिजिटल साक्ष्य भी एकत्र करेंगी।
यह है मामला
कपसाड़ गांव में बृहस्पतिवार को अनुसूचित जाति की महिला सुनीता की हत्या कर उनकी बेटी रूबी का अपहरण किया गया था। पारस सोम इस मामले का मुख्य आरोपी है। रविवार को रूबी का महिला जिला अस्पताल में मेडिकल चेकअप कराया गया। दोपहर बाद सरधना और महिला थाने की पुलिस उसे लेकर सीजेएम-द्वितीय नम्रता सिंह की कोर्ट पहुंची, जहां उसके बयान दर्ज हुए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

