ऋषिकेश 12 जनवरी (आरएनएस)। भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि महिलाओं की आत्मनिर्भरता केवल आर्थिक मजबूती तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे परिवार और समाज की सोच भी बदलती है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं निर्णय लेने में सक्षम होती हैं तो सामाजिक कुरीतियां स्वत: कमजोर पडऩे लगती हैं। सोमवार को पंचायत घर सोडा सरोली में मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में दिव्य ज्योति सीएलएफ की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पहुंची भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने महिला समूहों को एकजुट होकर शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढऩे का आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तडियाल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण किसी एक दिन या आयोजन का विषय नहीं है, बल्कि यह एक सतत प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों और सीएलएफ के माध्यम से महिलाएं आज गांव-गांव में बदलाव की मिसाल बन रही हैं। ऐसे कार्यक्रम महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक करते हैं। इस दौरान सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता जैसे अहम विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया। मौके पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कमली भट्ट, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ममता नयाल, इंदु कठैत, अंजू बड़ोनी, अनुराधा वालिया, साधना नेगी, हेमा भारती, विनीता भारती, सुनीता मेहर आदि उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

