ऋषिकेश 12 जनवरी (आरएनएस)। सर्द मौसम में घना कोहरा हर दिन स्थानीय लोगों की मुसीबत बढ़ा रहा है। इससे न सिर्फ ठिठुरन बढ़ रही है, बल्कि यहां विभिन्न राज्यों से आने वाली बस, रेल और विमान सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। कोहरे और पाले की वजह से फसलों पर भी प्रभाव पड़ रहा है। बारिश नहीं होने से किसानों को इस मौसम में फसलों के झुलसा रोग की चपेट में आने का डर सता रहा है। सोमवार को सुबह लोगों की आंख खुली, तो उन्हें घर से बाहर चोरों तरफ कोहरे की घनी चादर बिछी दिखी। सड़कों पर वाहन दिन में ही कम विजिबिलिटी के चलते हेड लाइट जलाकर गुरते हुए नजर आए। राहत के लिए लोग सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाकर खुद को ठंड से बचाने का प्रयास करते भी दिखे। कोहरे की वजह से शहर के बाजार सुबह देरी से खुले, जिसके चलते सुबह तो कम, मगर दोपहर में हल्की धूप खिलने से बाजार में थोड़ी चहल-पहल जरूर दिखी। वहीं, गंगाघाटों पर भी सुबह स्नान के लिए पहुंचे श्रद्धालु ठिठुरते हुए नजर आए। शाम चार बजते ही फिर से कोहरे की चादर बिछनी शुरू हुई। रात नौ बजे के बाद सड़कों पर फिर से कोहरे में विजिबिलिटी कम हो गई। वहीं, सोमवार को अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम चार डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन में यह तापमान में 12 डिग्री तक भी पहुंचा। राज्य मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि मंगलवार को भी मौसम के इसी तरह बन रहने की संभावना है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

